नेहरू युथ क्लब सोसोपी का द्वि-दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट संपन्न, कोचड़ा एफसी बनी विजेता

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa:जगन्नाथपुर प्रखंड अंतर्गत नेहरू युथ क्लब, सोसोपी द्वारा आयोजित द्वि-दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन समारोह उत्साह और खेल भावना के साथ सम्पन्न हुआ। फाइनल मुकाबले में बतौर मुख्य अतिथि जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह उप मुख्य सचेतक (सत्तारूढ़ दल) सोनाराम सिंकु शामिल हुए, जबकि वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दिनेश प्रधान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
आयोजन समिति की ओर से विधायक सोनाराम सिंकु का गुलदस्ता भेंट कर पारंपरिक स्वागत किया गया। इसके बाद विधायक ने फाइनल में पहुंची दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा सफल आयोजन के लिए नेहरू युथ क्लब सोसोपी की पूरी टीम को बधाई दी।
अपने संबोधन में विधायक सोनाराम सिंकु ने खिलाड़ियों और दर्शकों को अनुशासन, एकजुटता और प्रेमभाव से खेल खेलने का संदेश दिया। साथ ही युवाओं से नशापान से दूर रहने की अपील की। उन्होंने क्षेत्र में हाल के दिनों में जंगली हाथियों की गतिविधियों का उल्लेख करते हुए ग्रामीणों से सतर्क रहने का आग्रह किया और हाथी प्रभावित क्षेत्र होने के कारण शाम एवं रात के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने तथा गजराजों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी।
फाइनल मैच का उद्घाटन विधायक सोनाराम सिंकु ने फुटबॉल को किक मारकर किया। निर्णायक मुकाबला कोचड़ा एफसी और ब्लैक पैंथर के बीच खेला गया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए कोचड़ा एफसी ने टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।
ब्लैक पैंथर को दूसरा स्थान मिला, जबकि स्टोन ईस ब्लैक तीसरे और केरला ब्लास्टर चौथे स्थान पर रही।
समापन अवसर पर विधायक सोनाराम सिंकु ने विजेता, उपविजेता एवं अन्य स्थान प्राप्त टीमों को ट्रॉफी व पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस मौके पर कांग्रेस पंचायत अध्यक्ष मनोज सिंकु, कमेटी अध्यक्ष श्रीराम लामाय, राजू हेंब्रम, रंजन गोप, जगदीश बोयपाई, कुंज बिहारी बोयपाई, रमेश लामाय, फ्रांसिस बोयपाई, लक्ष्मण बोयपाई सहित नेहरू युथ क्लब सोसोपी के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.