Adityapur : सरायकेला-खरसावां जिला के चांडिल प्रखंड अंतर्गत आंसनबनी पंचायत में बुधवार को भीषण आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। काली मंदिर के नीचे स्थित एक खटालनुमा घर में अचानक आग लग गई, जो कुछ ही मिनटों में पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले ली।
आग इतनी तेज़ी से फैली कि ग्रामीणों द्वारा की गई कड़ी मशक्कत के बावजूद पूरा घर जलकर राख में तब्दील हो गया। सूचना मिलते ही जमशेदपुर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घर में रखा सारा सामान नष्ट हो चुका था।
पीड़ित परिवार ने बताया कि घर में रखे पलंग, बिस्तर, कपड़े, राशन (चावल, दाल, आटा) सहित सभी जरूरी वस्तुएं आग में जल गईं। साथ ही करीब ₹30,000 नकद, आठ बकरियां और लगभग 20 मुर्गियां भी आग की चपेट में आ गईं।
ग्राम प्रधान प्रमोद उरांव ने बताया कि पीड़ित परिवार बेहद गरीब है और अब उनके पास खाने के लिए भी कुछ नहीं बचा है। उन्होंने जिला प्रशासन से तत्काल राहत सामग्री और मुआवजे की मांग की है ताकि परिवार दोबारा जीवनयापन शुरू कर सके।
पीड़िता ने बताया कि घटना के समय वह अपने मेहमान के घर गई हुई थी। इसी बीच आग लग गई, और जब तक वह पहुंची, तब तक सब कुछ राख में बदल चुका था। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से प्रशासन से आग्रह किया है कि पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए शीघ्र मुआवजा और सहायता प्रदान की जाए, ताकि वे फिर से अपने जीवन को संभाल सकें।









