Manoharpur : हावड़ा-मुंबई रेल मार्ग पर शुक्रवार सुबह चक्रधरपुर रेल मंडल के महादेवशाल और डीरोवां रेलवे स्टेशन के बीच करीब 40 वर्षीय एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। युवक पोल संख्या 352/41 एवं 353/01 के समीप रेलवे ट्रैक के पास पड़ा हुआ था।
जानकारी के अनुसार, मनोहरपुर की ओर आ रही एक मालगाड़ी के चालक की नजर ट्रैक के समीप पड़े युवक पर पड़ी। चालक ने तत्काल इसकी सूचना मनोहरपुर रेलवे स्टेशन को दी। सूचना मिलने के बाद मनोहरपुर RPF पुलिस और स्टेशन अधीक्षक मौके पर पहुंचे तथा घायल युवक को उपचार के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।
मोबाइल से पहचान की कोशिश
RPF पुलिस ने शव की तलाशी के दौरान एक मोबाइल फोन बरामद किया है। मोबाइल में Truecaller पर ‘सुदीप मजूमदार’ नाम प्रदर्शित हो रहा है। पुलिस इसी आधार पर मृतक की वास्तविक पहचान की पुष्टि करने तथा उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
मौत के कारण की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेजने की प्रक्रिया में जुटी है। फिलहाल युवक की मौत ट्रेन से गिरने के कारण हुई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

















