विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस पर ओल्ड एज होम में ‘अकेले नहीं हैं आप’ कार्यक्रम, बुजुर्गों की हुई नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), जमशेदपुर की ओर से शुक्रवार को बाराद्वारी स्थित ओल्ड एज होम में विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर ‘अकेले नहीं हैं आप’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय के निर्देश एवं डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।

इस अवसर पर बुजुर्गों के स्वास्थ्य की जांच के लिए नि:शुल्क हेल्थ कैंप भी लगाया गया। चिकित्सकों ने वृद्धाश्रम में रह रहे सभी वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की तथा आवश्यकतानुसार नि:शुल्क दवाएं उपलब्ध कराईं। इस दौरान विशेष रूप से ब्लड प्रेशर और डायबिटीज की जांच की गई तथा विभिन्न बीमारियों से पीड़ित बुजुर्गों का उपचार किया गया।

वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की दी जानकारी

जागरूकता कार्यक्रम में डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी, वरिष्ठ मध्यस्थ अधिवक्ता के.के. सिन्हा तथा लीगल एड डिफेंस काउंसिल के चीफ विदेश सिन्हा ने वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े कानून एवं उनके अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ, कानूनी अधिकार तथा सीनियर सिटीजन एक्ट के प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही बुजुर्गों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।

बुजुर्गों से सीधे सुनी समस्याएं

कार्यक्रम के दौरान ओल्ड एज होम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों ने एक-एक कर अपनी समस्याएं एवं अनुभव डालसा सचिव के समक्ष साझा किए। डालसा सचिव ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।

उन्होंने ओल्ड एज होम का निरीक्षण करते हुए बुजुर्गों के रहन-सहन, खान-पान एवं साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने वृद्धाश्रम संचालक को निर्देश दिया कि यहां रह रहे किसी भी बुजुर्ग को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उनकी आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

कार्यक्रम को सफल बनाने में डालसा के पीएलवी प्रकाश मिश्रा, संजय तिवारी, नागेन्द्र कुमार, दिलीप जायसवाल, आशीष प्रजापति, सुनील पांडेय, सदानंद महतो, अंजन कुमार, सुनीता झा एवं प्रशिश मरांडी सहित ओल्ड एज होम परिवार के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.