Manoharpur: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से मनोहरपुर क्षेत्र में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। भारी बारिश के कारण कोयल और कोयना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे शहर के कई हिस्सों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
लगातार बारिश के कारण कई निचले इलाकों और घरों में पानी घुस गया है। वहीं, क्षेत्र की मुख्य सड़कें भी जलमग्न हो गई हैं और कई स्थानों पर सड़कें तालाब जैसी नजर आ रही हैं। जगह-जगह पानी जमा होने के कारण पैदल यात्रियों के साथ वाहन चालकों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
खराब मौसम और जलजमाव का असर कारोबार पर भी पड़ा है। कई दुकानदारों ने सुरक्षा के मद्देनजर अपनी दुकानें बंद रखीं। वहीं, कोयल और कोयना नदी के तटवर्ती तथा निचले इलाकों में रहने वाले लोग लगातार बढ़ते जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं।
स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन भी हालात पर नजर रख रहा है। लगातार बारिश जारी रहने के कारण संभावित बाढ़ की आशंका से लोगों में चिंता बनी हुई है। प्रशासन एवं स्थानीय लोगों ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने और नदी के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है।

















