Guaa : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के यूनियन कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे के नेतृत्व में यूनियन पदाधिकारियों एवं मजदूरों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों एवं देश के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ देश की सेवा करते हुए राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रामा पांडे ने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात कर समाज में आपसी भाईचारा, एकता और सहयोग की भावना को मजबूत किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित मजदूरों ने भी महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर मजदूरों के बीच लड्डू का वितरण किया गया।
मौके पर संघ के महामंत्री अंतरयामी महाकुड़, राजेश यादव, चंद्रिका खंडाईत समेत बड़ी संख्या में मजदूर एवं यूनियन पदाधिकारी उपस्थित रहे।

















