मानगो को पूर्ण अनुमंडल घोषित करने की मांग तेज, जन कल्याण समिति ने डीसी कार्यालय पर किया प्रदर्शन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जमशेदपुर जन कल्याण समिति ने मानगो क्षेत्र को पूर्ण अनुमंडल घोषित करने की मांग को लेकर बुधवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के नाम पांच सूत्री मांग पत्र सौंपते हुए मानगो को अलग अनुमंडल का दर्जा देने की मांग की।

समिति के सदस्यों ने कहा कि मानगो क्षेत्र जनसंख्या, भौगोलिक विस्तार और प्रशासनिक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण क्षेत्र बन चुका है। लगातार बढ़ती आबादी और नागरिक समस्याओं के कारण प्रशासनिक दबाव बढ़ रहा है, ऐसे में मानगो को अलग अनुमंडल का दर्जा देना समय की आवश्यकता है।

ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान में मानगो क्षेत्र के लोगों को भूमि, राजस्व, प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा, जन शिकायत और विधि-व्यवस्था से जुड़े कार्यों के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अलग अनुमंडलीय व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों का समय और धन दोनों खर्च होता है।

समिति ने कहा कि मानगो की आबादी कई अनुमंडलों से अधिक हो चुकी है। यदि इसे अनुमंडल बनाया जाता है तो प्रशासनिक सेवाएं स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध होंगी और सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, जलापूर्ति, सफाई तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्यों में तेजी आएगी।

समिति के सदस्यों ने यह भी कहा कि मानगो की बढ़ती शहरी समस्याओं के समाधान के लिए स्वतंत्र प्रशासनिक ढांचे की जरूरत है। स्थानीय प्रशासन मजबूत होने से सरकार की योजनाओं का लाभ भी आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचेगा।

जमशेदपुर जन कल्याण समिति ने मुख्यमंत्री से जनहित में जल्द प्रक्रिया शुरू कर मानगो को पूर्ण अनुमंडल घोषित करने की मांग की है। समिति ने चेतावनी दी कि यदि मांग पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आम जनता लोकतांत्रिक तरीके से जनआंदोलन करने को बाध्य होगी।

प्रदर्शन के दौरान इंद्रजीत शर्मा, शंभू चौधरी, जाहिद अंसारी, फिरोज खान सहित कई सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.