Jamshedpur : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के डीबी रोड स्थित अजय ऑटो पार्ट्स दुकान के समीप रहने वाली ललिता देवी ने अपने देवर पप्पू सोनकर, देवरानी शोभा सोनकर और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से शिकायत की है। उन्होंने पारिवारिक विवाद को लेकर गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ललिता देवी के अनुसार, उनके देवर और देवरानी पिछले कई वर्षों से अलग रह रहे हैं। इसके बावजूद घर में हिस्सेदारी को लेकर वे अक्सर विवाद करने पहुंच जाते हैं। आरोप है कि शराब के नशे में गाली-गलौज करना और विरोध करने पर मारपीट करना आम बात हो गई है।
ललिता देवी ने बताया कि उनके सास-ससुर के जीवित रहते ही चारों भाइयों के बीच घर और दुकान का बंटवारा हो गया था। उस समय पप्पू सोनकर ने घर में हिस्से के बदले दुकान ली थी और अलग स्थान पर अपना मकान बनाकर रहने लगा था। इसके बावजूद अब घर में हिस्सेदारी को लेकर विवाद किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पप्पू सोनकर ने घर के एक कमरे में जबरन ताला लगा रखा है। उनका यह भी आरोप है कि उस कमरे में पप्पू की बेटी बाहरी युवकों को लेकर आती है और घंटों वहां रहती है। इस पर आपत्ति जताने पर विवाद और झगड़ा किया जाता है।
ललिता देवी के मुताबिक, पारिवारिक विवाद का मामला स्थानीय ग्राम पंचायत, थाना और डालसा (न्याय सदन) तक पहुंच चुका है। उनका आरोप है कि संबंधित फैसलों को पप्पू सोनकर मानने से इनकार कर देता है और अक्सर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देता है। इस संबंध में कोर्ट में भी शिकायत किए जाने की बात उन्होंने कही।
ललिता देवी ने बताया कि बीते 28 अक्टूबर को पप्पू सोनकर, उसकी पत्नी शोभा सोनकर, बेटा और बेटी उनके घर पहुंचे और कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस घटना की शिकायत बागबेड़ा थाने में की गई है।
ललिता देवी ने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
















