Adityapur : पुलिस विभाग की प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने बड़े पैमाने पर पुलिस पदाधिकारियों का तबादला किया है। जिला आदेश संख्या 630/2026 के तहत तत्काल प्रभाव से 15 सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इस तबादला आदेश की मुख्य विशेषता यातायात थाना में लंबे समय से पदस्थापित अधिकारियों का फेरबदल है। आदेश के अनुसार यातायात थाना में तैनात कई एएसआई को विभिन्न थानों एवं इकाइयों में फील्ड ड्यूटी के लिए भेजा गया है।
जारी आदेश के तहत एएसआई मोहम्मद समसुद्दीन, एएसआई सत्येंद्र सिंह एवं एएसआई मोहम्मद अकबर हुसैन को आदित्यपुर थाना भेजा गया है। एएसआई नारद साह को आरआईटी थाना, एएसआई अनिल कुमार को गम्हरिया थाना तथा एएसआई जितेंद्र कुमार राय को कपाली ओपी में पदस्थापित किया गया है। वहीं एएसआई शंकर कुमार यादव को चांडिल थाना और एएसआई रविंद्र कुमार को सड़क सुरक्षा कोषांग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दूसरी ओर विभिन्न थानों एवं इकाइयों से भी कई अधिकारियों को यातायात थाना में स्थानांतरित किया गया है। आदित्यपुर थाना से एएसआई महेश उरांव, गम्हरिया पुलिस कार्यालय से एएसआई श्रवण कुमार सिंह, चालियामा पिकेट नीमडीह थाना से एएसआई सुनील कुमार यादव, सड़क सुरक्षा कोषांग से एएसआई संदीप कुमार झा, कपाली ओपी से एएसआई मनोज कुमार मिश्रा तथा चांडिल थाना से एएसआई नेपाल चंद्र महतो को यातायात थाना भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को अविलंब अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। साथ ही संबंधित थाना प्रभारियों, ओपी प्रभारियों एवं पुलिस केंद्र को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जानकारों का मानना है कि लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ अधिकारियों के तबादले से पुलिसिंग व्यवस्था में नई ऊर्जा आएगी और अपराध नियंत्रण के साथ-साथ कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी।











