सरायकेला पुलिस की विशेष कार्यशाला, फर्स्ट एड और ब्रीथ एनालाइजर उपयोग का दिया गया प्रशिक्षण

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur  : सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस द्वारा शनिवार को टाउन हॉल में पुलिस पदाधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं एवं आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता को बढ़ाना तथा फर्स्ट एड और ब्रीथ एनालाइजर के प्रभावी उपयोग की जानकारी देना था।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया, डीएसपी हेडक्वार्टर पूजा कुमारी, डीएसपी मुख्यालय प्रदीप उरांव, डॉ. चंदन एवं डॉ. अनिर्बन महतो मुख्य रूप से उपस्थित रहे। जिले के विभिन्न थानों से आए थाना प्रभारी, इंस्पेक्टर एवं पुलिस बल के जवानों ने कार्यशाला में भाग लिया।


विशेषज्ञ चिकित्सकों डॉ. चंदन, डॉ. अनिर्बन महतो एवं सिस्टर रोबोर्ट ने पुलिस अधिकारियों को प्राथमिक चिकित्सा के महत्वपूर्ण तरीकों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान घायल व्यक्तियों का रक्तस्राव रोकने, सीपीआर देने और दुर्घटना के बाद तत्काल किए जाने वाले आवश्यक उपायों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।



इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए ब्रीथ एनालाइजर मशीन के सही उपयोग और जांच प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से पुलिसकर्मी आपातकालीन परिस्थितियों में अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सकेंगे और लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यशाला में उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.