माधव लाल सिंह के निधन से एक युग का अंत : सरयू राय

SHARE:

Jamshedpur : गोमिया से लंबे समय तक विधायक रहे वरिष्ठ जननेता माधव लाल सिंह के निधन पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि माधव लाल सिंह जैसा व्यक्तित्व दुर्लभ था और उनके जाने से झारखंड की राजनीति में एक युग का अंत हो गया।

सरयू राय ने कहा कि माधव लाल सिंह गरीबों, आदिवासियों और वंचित तबकों की आवाज थे। उग्रवाद प्रभावित इलाकों में रात-रात भर पैदल चलकर लोगों की समस्याएं सुनना और उनके समाधान के लिए संघर्ष करना उनकी पहचान थी। उन्होंने कहा कि माधव लाल सिंह ईमानदारी, कर्मठता और जनसेवा की मिसाल थे।

उन्होंने बताया कि उन्हें माधव लाल Singh के साथ करीब से काम करने और उन्हें नजदीक से देखने का अवसर मिला। राय ने कहा कि वह सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं करते थे और यही उनकी लोकप्रियता का सबसे बड़ा कारण था। गरीब और आम लोग उन्हें अपना मानते थे।

सरयू राय ने कहा कि माधव लाल सिंह सादगीपूर्ण जीवन जीने वाले नेता थे, जो आदिवासियों और जरूरतमंदों की मदद के लिए शासन-प्रशासन से भी टकराने से पीछे नहीं हटते थे। उन्होंने कहा कि उनका व्यक्तित्व युगांतरकारी था और आने वाली पीढ़ियां उन्हें हमेशा याद रखेंगी।

विधायक सरयू राय ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Leave a Comment