एएनएम स्कूल में लैंप लाइटिंग एवं कैपिंग सेरेमनी आयोजित, सिविल सर्जन ने छात्राओं को दिलाई सेवा की शपथ

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : एएनएम स्कूल में सत्र 2026-28 की छात्राओं के लिए मंगलवार को लैंप लाइटिंग एवं कैपिंग सेरेमनी का आयोजन गरिमामय माहौल में किया गया। समारोह के दौरान छात्राओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण में भेजने से पूर्व पारंपरिक रूप से कैप पहनाई गई तथा दीप प्रज्वलित कर सेवा और समर्पण की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने 30 छात्राओं को कैप पहनाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नर्सिंग सेवा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है।


उन्होंने कहा कि एक सफल एएनएम बनने के लिए अनुशासन, ईमानदारी, सेवा भावना और कर्तव्यनिष्ठा अत्यंत आवश्यक हैं। बेहतर प्रशिक्षण और समर्पित कार्यशैली के माध्यम से ही छात्राएं अपने क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल कर सकती हैं।

डॉ. साहिर पाल ने कैपिंग सेरेमनी के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसकी परंपरा महान नर्स फ्लोरेंस नाइटिंगेल से जुड़ी हुई है, जिन्होंने नर्सिंग सेवा को नई पहचान और सम्मान दिलाया। उन्होंने छात्राओं को मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।

समारोह के दौरान छात्राओं को नर्सिंग कार्यों, व्यवहारिक प्रशिक्षण, अनुशासन एवं सेवा के मूल्यों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उत्साह और भावनात्मक माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर एएनएम स्कूल की प्रिंसिपल पुष्पिता साहू, नर्सिंग ट्यूटर एवं कार्यालय कर्मी समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.