लुआबासा में जर्जर पुल को लेकर भाजपा का सांकेतिक प्रदर्शन, एक सप्ताह में मरम्मत नहीं तो आंदोलन की चेतावनी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जमशेदपुर के लुआबासा स्थित स्वर्णरेखा नदी पर बने जर्जर पुल को लेकर मंगलवार को स्थानीय भाजपा नेताओं ने जोरदार सांकेतिक प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पथ निर्माण विभाग और ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। नेताओं ने विभाग पर “कुंभकर्णी नींद” में सोए रहने का आरोप लगाते हुए तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग की।

भाजपा के पूर्व जिला प्रवक्ता अंकित आनंद ने पुल की स्थिति को अत्यंत खतरनाक बताते हुए कहा कि यह पुलिया अब “यमराज के समान” हो चुकी है, जो कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग प्रतिदिन अपनी जान जोखिम में डालकर इस पुल से आवागमन कर रहे हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि इस संबंध में सोमवार को पथ निर्माण विभाग के सचिव, कार्यपालक अभियंता एवं जिला उपायुक्त को ईमेल के माध्यम से पत्र भेजकर अविलंब संज्ञान लेने और आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।

भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर पुल की मरम्मत शुरू नहीं की गई, तो व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा। साथ ही जिला उपायुक्त को चुनौती देते हुए कहा गया कि वे स्वयं दोपहिया वाहन से पुल का निरीक्षण करें, तब वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

प्रदर्शन में अंकित आनंद, आशीष पाल, गुणाधार गोप, स्वाधीन बैनर्जी सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें