Jamshedpur : झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता एवं झारखंड के महान जननायक दिशोम गुरु शिबू सोरेन को देश के प्रतिष्ठित पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित किए जाने की खुशी में बुधवार को बारीडीह स्थित झामुमो संपर्क कार्यालय में समारोह आयोजित किया गया।
पूर्व नगर अध्यक्ष एवं महानगर संयोजक मंडली सदस्य दलगोविंद लोहार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में झामुमो कार्यकर्ताओं ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया तथा उनके लंबे सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को स्मरण किया।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने बारीडीह गोलचक्कर क्षेत्र में राहगीरों और दुकानदारों के बीच लड्डू वितरित कर अपनी खुशी का इजहार किया। उपस्थित लोगों ने कहा कि शिबू सोरेन को मिला पद्म भूषण सम्मान केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि झारखंड की जनता, उसके संघर्ष और उसकी पहचान का सम्मान है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि दिशोम गुरु ने झारखंड राज्य के गठन और आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है।
कार्यक्रम में विष्णु प्रधान, अशोक कुमार, सोमेन विश्वास, कन्हैया चौबे, संदीप चक्रवर्ती, सोमनाथ विश्वास, कमल किशोर मिश्रा, शक्ति प्रसाद, राजू राम, शंकर ठाकुर, सुधाकर लोहार, जस्सी सिंह रंधावा, अभिजीत सिंह तथा डी. रवि राव सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








