Jamshedpur : कुशवाहा संघ जमशेदपुर के अध्यक्ष शिव कुमार भक्त को कथित रूप से साजिश के तहत उलीडीह थाना कांड संख्या 228/26 में फंसाने के मामले को लेकर संघ का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गंभीरता से जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन में संघ की ओर से आरोप लगाया गया है कि अध्यक्ष शिव कुमार भक्त का नाम दुर्भावनापूर्ण तरीके से इस मामले की केस डायरी में शामिल किया गया है। संघ ने इस पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि मामले में उनका नाम न तो मृतका पिंकी देवी के कथित मृत्यु-पूर्व बयान में आया है और न ही पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी में उनका उल्लेख है।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, मानगो केदार बगान निवासी पिंकी देवी, उनके पति और देवर के बीच पारिवारिक विवाद एवं प्रताड़ना का मामला कई वर्षों से चल रहा था, जिसकी जानकारी उलीडीह थाना पुलिस को भी थी। आरोप है कि 5 नवंबर 2026 को पिंकी देवी ने अपनी तीन बेटियों के साथ जहर खा लिया। इस घटना में पिंकी देवी और उनकी एक बेटी की मौत हो गई, जबकि दो बेटियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
संघ का कहना है कि पुलिस के समक्ष दिए गए पिंकी देवी के बयान में शिव कुमार भक्त का नाम नहीं लिया गया था। वहीं, इस मामले में पुलिस ने मृतका के पति और देवरानी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसके बावजूद अखबार के माध्यम से जानकारी मिली कि कुछ लोगों के बहकावे और डीएसपी के निर्देश पर शिव कुमार भक्त का नाम केस डायरी में शामिल किया गया है तथा उनकी गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में कहा कि कुशवाहा संघ जमशेदपुर जैसी पुरानी संस्था के अध्यक्ष को कथित रूप से बेबुनियाद आधार पर मामले में फंसाकर प्रताड़ित करना निंदनीय है। संघ के अनुसार, शिव कुमार भक्त एक सभ्य एवं ईमानदार व्यवसायी हैं और समाज के लोगों के सुख-दुख में हमेशा सहयोग करते रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक क्षति हो सकती है।
संघ ने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच में निर्दोष पाए जाने वाले व्यक्तियों के नाम केस से हटाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने का आग्रह किया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान रामानंद भक्त, किशोरी प्रसाद, गोपाल प्रसाद, अधिवक्ता संजय कुमार, अतुल आनंद, दीनानाथ प्रसाद, टी.एन. सिंह, रामकुमार कुशवाहा, नागेंद्र कुमार कुशवाहा, उपेंद्र प्रसाद, मनोज प्रसाद, राहुल प्रसाद, नवल किशोर प्रसाद, त्रिलोकी प्रसाद सहित संघ के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

















