Jamshedpur : कदमा स्थित केरला समाजम मॉडल स्कूल (K.S.M.S.) में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, देखभाल और उनके प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू किए गए प्रोजेक्ट ‘Caring Companions’ का सोमवार को समापन हुआ। शहर में अपनी तरह की पहली पहल माने जा रहे इस प्रोजेक्ट के तहत कक्षा 9 से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में वरिष्ठ नागरिकों के साथ संवाद, अपनापन और सहयोग की भावना विकसित करने का प्रयास किया।
इस परियोजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना, उनके बीच सुरक्षा संबंधी जानकारी साझा करना तथा उन्हें भावनात्मक सहयोग, सम्मान और साथ का एहसास कराना था, ताकि वे समाज में खुद को अकेला या उपेक्षित महसूस न करें।
इस प्रोजेक्ट की परिकल्पना स्कूल की अकादमिक निदेशक श्रीमती नंदिनी शुक्ला ने की थी। स्कूल प्रबंधन और प्राचार्य के सहयोग से तीन शिक्षकों तथा विद्यार्थियों की टीम ने इसे सफलतापूर्वक संचालित किया।
कार्यक्रम में स्कूल के चेयरमैन टी.के. सुुकुमारन सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे। स्कूल के इन-हाउस ग्रैंडपेरेंट्स (वरिष्ठ नागरिकों) को भी विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में वरिष्ठ नागरिकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक क्विज, नृत्य एवं गायन जैसी गतिविधियों में भाग लिया। बच्चों और बुजुर्गों के बीच आपसी सहभागिता, खुशी और आत्मीयता देखने को मिली। आयोजन को सफल बताते हुए विद्यालय ने वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और पीढ़ियों के बीच जुड़ाव को बढ़ावा देने की इस पहल को सार्थक बताया।

















