Chakradharpur: चक्रधरपुर रेल मंडल के हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर डेरोवां रेलवे स्टेशन के समीप सोमवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। चक्रधरपुर से राउरकेला जा रही सारंडा मेमू पैसेंजर ट्रेन से गिरकर युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान चाईबासा के कल्याणपुर निवासी उमेश गोप के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, उमेश गोप सोमवार सुबह सारंडा मेमू पैसेंजर ट्रेन में सवार होकर यात्रा कर रहा था। इसी दौरान सुबह करीब 7:30 बजे डेरोवां स्टेशन के पास वह अचानक चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर रेलवे अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। बताया जाता है कि उमेश अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी असमय मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं, कल्याणपुर गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
फिलहाल युवक के ट्रेन से गिरने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

















