Potka : पोटका स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) की छात्रा की मौत के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव जयराम हांसदा ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि छात्रा की तबीयत कई दिनों से खराब थी और उसे बुखार सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं। इसके बावजूद विद्यालय प्रबंधन और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पोटका की ओर से समय पर समुचित इलाज उपलब्ध नहीं कराया गया। कांग्रेस का आरोप है कि रात के समय वार्डन और चिकित्सकों ने भी आवश्यक गंभीरता नहीं दिखाई, जिससे छात्रा की हालत लगातार बिगड़ती गई।
ज्ञापन के अनुसार, छात्रा को बेहतर इलाज के लिए रेफर तो किया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। कांग्रेस का कहना है कि यदि समय रहते उचित उपचार मिलता तो छात्रा की जान बचाई जा सकती थी।
कांग्रेस ने इस मामले में कथित लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मृत छात्रा के परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने की भी मांग की गई है।
जयराम हांसदा ने कहा कि छात्रा की मौत की सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।









