झामुमो जिला समिति की बैठक में संगठन मजबूती पर जोर, विनोद पांडे ने दिए दिशा-निर्देश

SHARE:

Jamshedpur : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की पूर्वी सिंहभूम नवगठित जिला समिति की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को जमशेदपुर स्थित शहीद निर्मल महतो गेस्ट हाउस में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नवनियुक्त जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने की।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं केंद्रीय प्रवक्ता विनोद पांडे शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों में केंद्रीय उपाध्यक्ष सह विधायक सविता महतो, केंद्रीय सचिव सह विधायक समीर मोहंती, विधायक मंगल कालिंदी, विधायक सोमेश सोरेन, केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल सारंगी, हिदायतुल्ला खान, पूर्व सांसद सुमन महतो, पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू और मनोज यादव समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सभी अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया। अपने संबोधन में विनोद पांडे ने संगठन को और अधिक मजबूत, धारदार और परिणामोन्मुख बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सांगठनिक समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जाए। साथ ही विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

विनोद पांडे ने नवगठित जिला पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं भी दीं।

बैठक में जिला उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति, जिला सचिव रतन महतो, विद्यासागर दास, प्रणव महतो, ललित मांझी, संगठन सचिव चंद्रशेखर टुडू, मोहम्मद नासिर खान, सहसचिव मानिक मलिक, मोहम्मद जलील, कोषाध्यक्ष कालीपदो गोराई सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसके माध्यम से पार्टी ने पूर्वी सिंहभूम में जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ और अधिक मजबूत करने का संदेश दिया है।

Leave a Comment

और पढ़ें