Jamshedpur : जमशेदपुर में पेयजल संकट और अघोषित बिजली कटौती को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज कर दिया है। भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से 7 मई को जिला उपायुक्त कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें शहर के सभी 28 मंडलों के कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी होगी।
इसको लेकर साकची स्थित भाजपा जिला कार्यालय में महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में जिला पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित प्रदर्शन की सफलता के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए संजीव सिन्हा ने राज्य की झामुमो-कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भीषण गर्मी के बीच जमशेदपुर की जनता पानी और बिजली की समस्या से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम लोगों की बुनियादी जरूरतों के प्रति संवेदनहीन बनी हुई है और समस्याओं के समाधान को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।
उन्होंने कहा कि एक ओर लोग पेयजल के लिए भटक रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अघोषित बिजली कटौती ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। भाजपा इन मुद्दों को लेकर जनता की आवाज बनकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और 7 मई को डीसी कार्यालय पर प्रदर्शन कर सरकार को जगाने का प्रयास करेगी।
बैठक के अंत में नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। महानगर अध्यक्ष ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सभी पदाधिकारियों ने अपना परिचय भी साझा किया।
बैठक में प्रदेश मंत्री शैलेन्द्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष संजीव सिंह, प्रदीप महतो, बबुआ सिंह, रूबी झा, अमरजीत सिंह राजा, जिला महामंत्री राजीव सिंह, जितेंद्र राय, जिला मंत्री मुचिराम बाउरी, तन्मय झा, रीना चौधरी, जिला कोषाध्यक्ष कृष्णा शर्मा काली, कार्यालय मंत्री संजीत चौरसिया, जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा, आईटी सेल संयोजक बिनोद सिंह और सोशल मीडिया सह संयोजक अमित सिंह सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भाजपा नेताओं ने एक स्वर में कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर पार्टी लगातार संघर्षरत रहेगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।











