झारखंड सरकार की इंटर्नशिप योजना के तहत विमेंस यूनिवर्सिटी की छात्राओं ने बागबेड़ा के नवाचारों का किया अध्ययन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : झारखंड सरकार की झारखंड ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप स्कीम के तहत जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी की छात्राओं के एक दल ने मंगलवार को बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत क्षेत्र में संचालित विभिन्न नवाचार एवं विकास कार्यों का अध्ययन किया। इस दौरान छात्राओं ने पंचायत क्षेत्र में जनसहभागिता से संचालित परियोजनाओं और स्थानीय आजीविका मॉडल की जानकारी प्राप्त की।

छात्राओं ने कुंवर सिंह मैदान रोड नंबर-3 स्थित कम्युनिटी सेंटर के समीप पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता की अनुशंसा एवं फंड से लगभग 7.30 लाख रुपये की लागत से स्थापित झारखंड के पहले पायलट आरओ प्लांट का निरीक्षण किया। उन्हें बताया गया कि इस प्लांट के माध्यम से स्थानीय लोगों को आई-कार्ड आधारित व्यवस्था के तहत मात्र पांच रुपये में 20 लीटर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाता है। इससे प्राप्त राशि का उपयोग बिजली बिल, ऑपरेटर के मानदेय और प्लांट के रखरखाव पर किया जाता है। छात्राओं ने इस मॉडल को जनहित और आत्मनिर्भर संचालन का सफल उदाहरण बताया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने गांधीनगर बस्ती में संचालित बागवानी गतिविधियों तथा जगदीशपुर रोड के समीप कुम्हार समुदाय द्वारा तैयार किए जा रहे मिट्टी के उत्पादों और अन्य स्थानीय नवाचारों का भी अवलोकन किया। छात्राओं ने इन प्रयासों को ग्रामीण आजीविका और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग का उदाहरण बताया।

छात्रा राजश्री दास ने बताया कि उनकी चार सदस्यीय टीम ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर ऊर्जा, डिजिटल जल प्रबंधन और अन्य नवाचारों से संबंधित जानकारी एकत्र कर रही है। अध्ययन के आधार पर तैयार रिपोर्ट झारखंड सरकार के पोर्टल पर जमा की जाएगी, जिससे राज्य में नवाचार आधारित विकास योजनाओं को बढ़ावा मिल सके।

इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता और वार्ड सदस्य उमेश पाण्डे ने छात्राओं को पंचायत क्षेत्र में संचालित विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

निरीक्षण कार्यक्रम में राजश्री दास, सुचित्रा मलिक, अंजली कुमारी, प्रीति पाल, समाजसेवी मिथिलेश सिंह, शुभम सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें