Rabangda : जराईकेला थाना क्षेत्र के रवगंदा गांव में एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बच्ची की चेकडैम में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान रुपनी मिंज के रूप में हुई है, जो सोमरा मिंज की पुत्री थी और रवगंदा गांव की निवासी थी। गुरुवार की शाम रुपनी नहाने के लिए गांव के समीप स्थित चेकडैम गई थी। इसी दौरान नहाते समय वह गहरे पानी में चली गई और डूब गई।
जब देर शाम तक वह घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रातभर खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
शुक्रवार की सुबह जब ग्रामीण चेकडैम में नहाने पहुंचे, तो उन्हें किनारे पर बच्ची के कपड़े दिखाई दिए। आशंका होने पर जब उन्होंने पानी की ओर ध्यान दिया, तो रुपनी का शव पानी में तैरता हुआ नजर आया। यह दृश्य देख गांव में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। तत्काल इसकी जानकारी जराईकेला पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस हादसे ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में जलाशयों के पास सुरक्षा इंतजामों की कमी को उजागर किया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे स्थानों पर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।











