Potka:पोटका प्रखंड के जानमडीह स्थित कला संस्कृति भवन में सोमवार को टाटा स्टील यूआईएसएल के तत्वावधान में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों डॉ. श्रीराम एस और डॉ. बी. प्रसाद ने कुल 165 मरीजों की जांच कर उन्हें नि:शुल्क दवाइयां वितरित कीं।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में संज़ीव सरदार ने किया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मुखिया असित सरदार एवं कालिपदो सरदार भी उपस्थित रहे। उद्घाटन के दौरान विधायक ने क्षेत्र की 14 फुटबॉल टीमों को जर्सी और फुटबॉल वितरित कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने टाटा स्टील द्वारा कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत स्वास्थ्य, खेलकूद और सांस्कृतिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कंपनी से आग्रह किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए हर माह तीन से चार दिन चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही युवाओं के लिए खेल प्रशिक्षण की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया।
विधायक ने युवाओं से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर बेहतर शिक्षा प्राप्त करें। उन्होंने टाटा स्टील से छात्रों के लिए स्कॉलरशिप की व्यवस्था करने की भी मांग रखी।
कार्यक्रम में टाटा स्टील पीएचएस विभाग के एचओडी मनोज सिंह शेखावत, चंदन गुप्ता, योगेश राणा, सौमित्र सिंह ठाकुर, धनंजय कुमार, विजय गोप, संतोष मुखी, अभिनव महतो, राकेश कुमार, अंशु सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं आयोजन को सफल बनाने में ग्राम प्रधान भुगनु सरदार, मनोरंजन सरदार, ईश्वर लाल सरदार, रतन सरदार, मिल्स सरदार और कमल सरदार समेत अन्य ग्रामीणों की सराहनीय भूमिका रही।









