पीएम गति शक्ति के तहत जमशेदपुर के लिए लॉजिस्टिक प्लान पर मंथन, डीसी ने मांगा समेकित प्रतिवेदन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:पूर्वी सिंहभूम में औद्योगिक विकास को नई गति देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना के तहत जमशेदपुर औद्योगिक शहर के लिए समेकित लॉजिस्टिक प्लान तैयार करने को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने की, जिसमें विभिन्न विभागों एवं औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक में परिवहन की सुगमता, लॉजिस्टिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, माल परिवहन की दक्षता बढ़ाने तथा औद्योगिक गतिविधियों को गति देने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों एवं संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ शहर के लिए एकीकृत लॉजिस्टिक प्लान की रूपरेखा तैयार करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत सड़क, रेल एवं अन्य परिवहन अवसंरचनाओं को एकीकृत दृष्टिकोण से विकसित करना आवश्यक है। इसके लिए सभी स्टेकहोल्डर्स को अपनी आवश्यकताओं और सुझावों के आधार पर विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा गया, ताकि समेकित रिपोर्ट भारत सरकार को भेजी जा सके।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना का मुख्य उद्देश्य मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी को मजबूत करना, उद्योगों की लागत कम करना और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को बढ़ावा देना है। उन्होंने उद्योग महाप्रबंधक को निर्देश दिया कि सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ समन्वय करते हुए अप्रैल के प्रथम सप्ताह तक सुझाव आमंत्रित किए जाएं तथा आवश्यकता पड़ने पर अनुभवी कंसलटेंट के माध्यम से समेकित प्रतिवेदन तैयार किया जाए।

बैठक में टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, नुवोको सिमेंट, चैंबर ऑफ कॉमर्स, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सहित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों और एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी ने लॉजिस्टिक प्लान को प्रभावी और व्यवहारिक बनाने के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने पर सहमति जताई।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.