झारखंड आंदोलनकारियों को अब भी सम्मान का इंतजार, मोर्चा ने उठाए सरकार के पालन पर सवाल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:झारखंड आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाले आंदोलनकारियों को आज भी उचित सम्मान और पहचान नहीं मिल पाने का मुद्दा एक बार फिर सामने आया है। इसको लेकर झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा ने गहरी चिंता व्यक्त की है।

मोर्चा के केंद्रीय कार्यालय, भवानीपुर झंडा चौक, डोरंडा (रांची) से जारी पत्र में कहा गया है कि राज्य सरकार के संकल्प संख्या 1938 (दिनांक 30 अप्रैल 2021) का पूर्वी सिंहभूम जिले में सही ढंग से पालन नहीं हो रहा है। इस संकल्प के तहत चिन्हित सभी आंदोलनकारियों को सम्मान पत्र, प्रमाण पत्र और प्रतीक चिह्न देकर राजकीय सम्मान देने का प्रावधान है, लेकिन कई आंदोलनकारी अब तक इससे वंचित हैं।

मोर्चा के कोल्हान प्रमंडल अध्यक्ष विश्वजीत प्रमाणिक ने कहा कि सरकार के आदेशों की अनदेखी गंभीर विषय है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में गृह विभाग द्वारा सभी उपायुक्तों को आंदोलनकारियों को सम्मानित करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका पालन नहीं हुआ।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि सम्मान मिलने से पहले ही कई आंदोलनकारियों का निधन हो जाना अत्यंत दुखद है। मोर्चा ने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए भारतीय दंड संहिता की धारा 166, 166ए और 188 के तहत कार्रवाई की मांग की है।

पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष शिबू काली माईती ने कहा कि यह केवल सम्मान का मुद्दा नहीं, बल्कि झारखंड की अस्मिता और आंदोलनकारियों की पहचान से जुड़ा सवाल है।

मोर्चा ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द से जल्द सभी चिन्हित आंदोलनकारियों को सम्मानित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही यह भी कहा कि इससे सरकार की छवि और विश्वसनीयता दोनों मजबूत होंगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.