वाहन चोरी गिरोह का खुलासा, चोरी की बाइक और ऑटो बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

JAMSHEDPUR। जमशेदपुर पुलिस ने वाहन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दानिश अंसारी उर्फ राजा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी का एक ऑटो भी बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को कपाली थाना क्षेत्र के बागुनहातु चौक स्थित गुरुद्वारा मस्जिद के पास से मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत मिली थी। मामले में आजादनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान दानिश अंसारी उर्फ राजा के रूप में की। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए आजादनगर और कपाली थाना क्षेत्र में छापेमारी की जा रही थी।

इसी क्रम में पुलिस टीम नूर कॉलोनी रोड के पास वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने दानिश अंसारी को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया। बाइक जब्त करने के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने आजादनगर थाना क्षेत्र से एक ऑटो चोरी करने की बात भी पुलिस के समक्ष स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी का ऑटो भी बरामद कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मानगो, सीतारामडेरा और आजादनगर थाना में चोरी समेत अन्य आपराधिक मामलों में प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसके पुराने रिकॉर्ड को खंगालने के साथ वाहन चोरी की अन्य घटनाओं में उसकी संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है। पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी के मामलों की जांच में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.