JAMSHEDPUR। बागबेड़ा थाना क्षेत्र में चाकू की नोक पर लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग है, जबकि दूसरे की पहचान राहुल पात्रो उर्फ कल्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल चाकू और लूटी गई रकम में से 1,200 रुपये बरामद किए हैं। मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त की रात करीब 10 बजे आकाश कुमार रेलवे हाई स्कूल के पास से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान तीन युवकों ने उसे रास्ते में रोककर पैसे की मांग की। आकाश के पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने चाकू निकाल लिया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने उसकी जेब से करीब 1,700 रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद बागबेड़ा थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना पुलिस और छापामारी दल ने आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस कार्रवाई के दौरान दो संदिग्धों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू और लूटी गई रकम में से 1,200 रुपये बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
फिलहाल पुलिस फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
















