Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने बागानशाही मोहल्ला स्थित मुर्दा मैदान की सफाई को लेकर मानगो नगर निगम को एक सप्ताह का समय दिया है। उन्होंने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर मैदान की सफाई नहीं कराई गई तो उनके कार्यकर्ता और स्थानीय लोग स्वयं सफाई कराएंगे तथा निकले कूड़ा-कचरा और मलबा अन्यत्र डाल देंगे। इसकी जिम्मेदारी मानगो नगर निगम की होगी।
मुर्दा मैदान में गंदगी का जायजा लेने पहुंचे सरयू राय ने कहा कि स्थानीय लोगों के अनुसार करीब तीन महीने से मैदान की नियमित सफाई नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के लोगों ने उन्हें फोन कर मैदान की स्थिति देखने और नगर निगम से सफाई कराने का आग्रह किया था।
सरयू राय ने कहा कि मैदान में कूड़े का ढेर लगा हुआ है और गंदगी के कारण आसपास के लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोगों के साथ आदिवासी समुदाय के प्रतिनिधियों और आदिवासी नेता सोनाराम मांझी से भी बातचीत की।
विधायक के अनुसार, मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बताया कि जब वे सफाई की मांग को लेकर नगर निगम जाते थे तो उन्हें यह कहकर वापस कर दिया जाता था कि आदिवासी समुदाय ने मैदान की सफाई कराने से मना किया है। वहीं सोनाराम मांझी ने कहा कि आदिवासी समुदाय को आशंका थी कि सफाई के बाद मैदान पर अतिक्रमण हो सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका मतलब यह नहीं था कि मैदान में लगातार कूड़ा जमा होता रहे और लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का सामना करना पड़े।
सरयू राय ने मानगो नगर निगम से एक सप्ताह के भीतर मैदान की सफाई कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय में सफाई नहीं हुई तो स्थानीय लोगों और उनके समर्थकों की ओर से हाईवा लगाकर सफाई कराई जाएगी और मलबा नगर निगम कार्यालय के सामने या किसी अन्य स्थान पर डाल दिया जाएगा।

















