Jamshedpur : शहर में स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने और नागरिकों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सक्रिय रूप से जागरूक करने के उद्देश्य से Tata Steel UISL द्वारा पहली बार ‘Swachh Gated Society Championship 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन से प्रेरित इस पहल का उद्देश्य शहर की गेटेड सोसाइटियों में स्वच्छता, जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण की संस्कृति को मजबूत करना है।
प्रतियोगिता के पहले चरण में 60 से अधिक गेटेड सोसाइटियां भाग लेंगी। इसके माध्यम से लगभग 12,900 घरों तक स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। करीब 3 से 4 महीने तक चलने वाली इस प्रतियोगिता के दौरान सहभागी सोसाइटियां अपने परिसरों में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां संचालित करेंगी।
1,000 अंकों के आधार पर होगा मूल्यांकन
प्रतियोगिता में सोसाइटियों का मूल्यांकन कुल 1,000 अंकों के निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाएगा। इनमें स्रोत पर कचरा पृथक्करण एवं जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन को 350 अंक, कॉमन एरिया की स्वच्छता को 100 अंक तथा जल एवं ऊर्जा दक्षता को 100 अंक निर्धारित किए गए हैं।
इसके अलावा होम कम्पोस्टिंग, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली, Zero Waste आयोजन, नागरिक सहभागिता, डेंगू जागरूकता एवं स्रोत नियंत्रण, पौधरोपण और सामुदायिक सौंदर्यीकरण जैसे विषय भी मूल्यांकन का हिस्सा होंगे।
नागरिकों को सक्रिय भागीदार बनाने पर जोर
इस पहल के माध्यम से नागरिकों को केवल स्वच्छता अभियान का हिस्सा बनाने के बजाय अपने परिसर में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सक्रिय भागीदार बनाने का प्रयास किया जा रहा है। घरों में कचरा पृथक्करण से लेकर सामुदायिक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण तक, अभियान के जरिए जिम्मेदार व्यवहार को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा।
Tata Steel UISL के अनुसार, यह पहल कंपनी के एमडी अतुल कुमार भटनागर के स्वच्छ, सतत और नागरिक-केंद्रित शहर के विजन से प्रेरित है। कंपनी ने सभी सहभागी सोसाइटियों और नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
अभियान का संदेश है— “स्वच्छ जमशेदपुर, क्लीन जमशेदपुर — जिम्मेदार नागरिक, जिम्मेदार शहर।”
















