Noamundi : टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, नोवामुंडी में गुरुवार, 1 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) तथा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन किया गया। इस वर्ष अभियान की थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी-हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच स्वास्थ्य, संतुलित आहार और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। विद्यालय की प्राचार्या शशिकला ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। बच्चों के सर्वांगीण विकास और बेहतर अध्ययन के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से घर के बने पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता देने और स्वस्थ खान-पान की आदतें अपनाने की अपील की।
संतुलित आहार और पोषण पर दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान आहार में विविधता, पर्याप्त प्रोटीन के समावेश, सामुदायिक सहभागिता तथा बाल विकास के शुरुआती चरण में पोषण के महत्व पर जानकारी दी गई।
शिक्षिका अंतरा चौधरी ने कनिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों और अभिभावकों को जंक फूड से दूरी बनाने तथा दैनिक आहार में हरी सब्जियों और प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम संयोजिका अंजू महतो ने बताया कि पूरे माह चलने वाले पोषण माह को विभिन्न विषयों के तहत आयोजित किया जा रहा है। इसमें पर्याप्त प्रोटीन एवं संतुलित आहार, ताजा एवं गर्म भोजन का महत्व, सामुदायिक जिम्मेदारी, पोषण का सही समय तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसे विषय शामिल हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा दो तक के 236 बच्चों और उनके अभिभावकों ने भाग लिया।
भाषण और पोस्टर के जरिए दिया पोषण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भाषण, पोस्टर मेकिंग और विचार-विमर्श के माध्यम से पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। इसमें विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन शिक्षिका बी. सुजाता पॉल ने किया। अंत में शांतिपाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
















