27 जून को इस्कॉन जमशेदपुर निकालेगा भव्य रथ यात्रा, प्रभु श्रीजगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की नगर भ्रमण यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी

Share करें

✓ Link copy हो गया!



जमशेदपुर, 25 जून।
श्रीजगन्नाथ रथ यात्रा को लेकर इस्कॉन जमशेदपुर द्वारा तैयारियां जोरों पर हैं। 27 जून 2025, शुक्रवार को बिष्टुपुर स्थित आंध्र भक्त श्री राम मंदिर से भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं और हरिभक्तों के शामिल होने की संभावना है। यह यात्रा धार्मिक उत्साह, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम होगी।

रथ यात्रा में प्रभु श्रीजगन्नाथ, मां सुभद्रा एवं श्री बलभद्र जी तीन अलग-अलग भव्य रथों पर सवार होकर भक्तों के साथ मौसी बाड़ी तक नगर भ्रमण करेंगे। इस दौरान पूरे मार्ग में हरे कृष्ण-हरे राम महामंत्र की गूंज, कीर्तन मंडलियों की मधुर धुन और भक्तों की भक्ति भावपूर्ण झलकियां दिखाई देंगी।

इस आयोजन को सफल बनाने के लिए इस्कॉन जमशेदपुर ने एक माह पूर्व से तैयारियां शुरू कर दी थीं। इसी क्रम में आज बिष्टुपुर आंध्र भक्त श्री राम मंदिर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें इस्कॉन मंदिर प्रमुख स्वामी पद्मनाभ जगन्नाथ दास जी की अध्यक्षता में संपूर्ण व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में यह तय किया गया कि रथ यात्रा के सुचारु संचालन हेतु लगभग 1000 स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी, जिन्हें तीनों रथों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। शहर के विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी इस बैठक में उपस्थित थे और उन्होंने यात्रा को सफल बनाने हेतु अपने सहयोग की घोषणा की।

रथ यात्रा का मुख्य उद्देश्य केवल धार्मिक परंपराओं को निभाना नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और आध्यात्मिकता का प्रसार करना भी है। इस्कॉन जमशेदपुर ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे समय पर पहुंचें, और यात्रा के दौरान शांति, अनुशासन और भक्ति का परिचय दें।




Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें