Jamshedpur : झारखंड सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के जमशेदपुर वन प्रमंडल की ओर से शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वॉक-ए-थॉन का आयोजन किया गया। पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय ने हरी झंडी दिखाकर वॉक-ए-थॉन को रवाना किया।
कार्यक्रम में जमशेदपुर के डीएफओ सबा आलम अंसारी, एएफओ भीमत कुमार समेत वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्राएं शामिल हुईं। इस दौरान छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण और शहर में हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।
वॉक-ए-थॉन के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश और पौधरोपण की अपील वाले कटआउट लेकर लोगों को जागरूक किया। आयोजन के माध्यम से लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने की अपील की गई।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और पौधरोपण के लिए लोगों को प्रेरित करना था।
















