JAMSHEDPUR : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि एवं स्मरण सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद आयोजित गोष्ठी में जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के सिद्धांतों तथा स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को याद किया।
उन्होंने कहा कि गांधीजी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से आम जनता को स्वतंत्रता आंदोलन से जोड़ा। उन्होंने असहयोग आंदोलन, सविनय अवज्ञा आंदोलन और भारत छोड़ो आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि इन आंदोलनों ने स्वतंत्रता संघर्ष को व्यापक जनभागीदारी प्रदान की।
परविंदर सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को भी स्मरण किया। उन्होंने कहा कि शास्त्रीजी ने किसानों और जवानों के सम्मान के साथ देश की एकता और आत्मनिर्भरता को महत्व दिया। उनका ‘जय जवान, जय किसान’ का आह्वान आज भी किसानों और सैनिकों के योगदान की महत्ता को रेखांकित करता है।
जिला कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने कहा कि गांधी और शास्त्री का जीवन सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन, त्याग और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन और सार्वजनिक कार्यों में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन संजय सिंह आजाद ने किया।
इस अवसर पर अंसार खान, अशोक सिंह क्रांतिकारी, मकसूद आलम, नवनीत मिश्र, मनोज सिंह, रामलाल प्रसाद पासवान, अतुल गुप्ता, अजय शर्मा, उपेंद्र नाथ वर्मा, सुनीता ओझा, फरहत बेगम, नमिता सिंह, विकास मुखी, उदय कुमार सिंह, अमरजीत सिंह भाटिया, शिल्पी चक्रवर्ती, प्रितपाल सिंह, प्रदेश प्रवक्ता राकेश तिवारी, रजनी बंसल, नलिनी सिन्हा, गुरदीप सिंह, ज्योति मिश्र, राजेश चौधरी, संजय यादव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
















