टाटानगर स्टेशन से बड़ौदा घाट तक सड़क मरम्मत कार्य का शिलान्यास, तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पोटका विधानसभा क्षेत्र के बागबेड़ा बड़ौदा घाट, टाटानगर रेलवे स्टेशन और आसपास के लोगों के लिए सड़क सुविधा से जुड़ी महत्वपूर्ण योजना की शुरुआत हुई है। पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल जमशेदपुर के अंतर्गत टाटानगर रेलवे स्टेशन से बड़ौदा घाट तक 2.85 किलोमीटर लंबी सड़क के IRQP (विशेष सड़क मरम्मत कार्य) का शिलान्यास शुक्रवार को पोटका विधायक संजीव सरदार ने किया।

करीब चार करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य को तीन महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सड़क निर्माण का कार्य सुजीत सिंह कंस्ट्रक्शन को सौंपा गया है।

छठ से पहले सड़क निर्माण पूरा कराने का प्रयास : संजीव सरदार

शिलान्यास के बाद विधायक संजीव सरदार ने कहा कि सड़क का काम जल्द शुरू कराकर छठ पर्व से पहले पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि कोशिश है कि दुर्गापूजा से पहले ही काम शुरू हो जाए, जिससे पर्व के दौरान लोगों को कम से कम असुविधा हो।

उन्होंने कहा कि सड़क का मरम्मत कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाएगा और अलकतरा की परत बिछाकर सड़क को बेहतर स्वरूप दिया जाएगा। विधायक के अनुसार, सड़क के दुरुस्त होने से बड़ौदा घाट, बागबेड़ा और आसपास के इलाकों से आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी।

स्थानीय लोगों ने उठाई थी सड़क की समस्या

विधायक ने कहा कि स्थानीय झामुमो नेताओं और क्षेत्र के लोगों की ओर से लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति की जानकारी दी जा रही थी। इसके बाद उन्होंने विभागीय स्तर पर मामले को उठाया और सड़क के लिए डीपीआर तैयार कराया गया।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पास पथ निर्माण विभाग का प्रभार होने के कारण राज्य सरकार ने सड़क की आवश्यकता को गंभीरता से लेते हुए इसकी स्वीकृति प्रदान की। विधायक ने इसके लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

तीन महीने में काम पूरा करने का निर्देश

विधायक ने विभागीय अधिकारियों और संवेदक से निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर काम पूरा करने को कहा। उन्होंने पर्व-त्योहार के दौरान आम लोगों को होने वाली संभावित परेशानी को देखते हुए कार्य को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

बड़ौदा घाट पुल का भी किया निरीक्षण

शिलान्यास के बाद विधायक ने बड़ौदा घाट पर निर्माणाधीन पुल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार मिश्रा और कनीय अभियंता जियाउल हक से पुल निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

अभियंताओं ने विधायक को बताया कि भारी बारिश के कारण पुल निर्माण कार्य प्रभावित हुआ था। बारिश थमने के बाद अब काम को तेजी से आगे बढ़ाने की बात कही गई। विधायक ने अधिकारियों से मौसम का लाभ उठाते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने और जल्द लोगों को राहत पहुंचाने को कहा।

पुल बनने से छात्रों और कामकाजी लोगों को मिलेगी सुविधा

विधायक ने कहा कि पुल के निर्माण से आसपास के स्कूली छात्र-छात्राओं, कामकाजी लोगों, मजदूरों, मरीजों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। उनके अनुसार, सड़क और पुल के बेहतर होने से अस्पताल, स्कूल, बाजार और कार्यस्थलों तक लोगों की आवाजाही आसान होगी।

संजीव सरदार ने कहा कि क्षेत्र में सड़क, पुल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जा रहा है। उनके अनुसार, बड़ौदा घाट की सड़क और पुल का निर्माण क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही आवागमन संबंधी समस्या को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार मिश्रा, कनीय अभियंता जियाउल हक, पूर्व जिला परिषद सदस्य किशोर यादव, मुखिया मायावती टुडू, जमुना हांसदा, जगत मार्डी, पप्पू उपाध्याय, संतू कर्मकार, पिंटू तिर्की, बनारस दास, नीता सरकार समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.