Jamshedpur : विद्यार्थियों में निर्वाचन साक्षरता बढ़ाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को साकची स्थित रवीन्द्र भवन ऑडिटोरियम में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) 2.0 को लेकर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें जिले के उच्च विद्यालयों, प्लस टू विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों के अधिकृत समन्वयकों ने भाग लिया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यशाला में शैक्षणिक संस्थानों में निर्वाचन साक्षरता क्लब के गठन, पंजीकरण, सदस्यों का विवरण दर्ज करने और मतदाता जागरूकता गतिविधियों के प्रभावी संचालन की जानकारी दी गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संस्थानों से ELC 2.0 के तहत क्लबों को सक्रिय बनाने और विद्यार्थियों तक निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी सही एवं प्रमाणिक जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया।
हर विद्यालय से एक छात्र और एक छात्रा होंगे लीड मेंबर
कार्यशाला में विद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों से कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों में से एक छात्र और एक छात्रा को लीड मेंबर के रूप में नामित करने की अपील की गई। ये लीड मेंबर अपने संस्थानों में निर्वाचन साक्षरता और मतदाता जागरूकता से संबंधित गतिविधियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
ऑनलाइन पोर्टल से होगा क्लबों का पंजीकरण
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि निर्वाचन साक्षरता क्लबों के गठन, पंजीकरण और सदस्यों का विवरण दर्ज करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल eci.gov.in/electoral-literacy-club अथवा ECINET प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जा सकता है।
अधिकारियों ने समन्वयकों को क्लबों की गतिविधियों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने तथा विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
एसआईआर-2026 को लेकर भी जागरूकता पर जोर
कार्यशाला में एसआईआर-2026 से संबंधित जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर भी बल दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण, निर्वाचन प्रक्रिया और लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका के बारे में जानकारी दी जानी चाहिए।
विद्यार्थी इस जानकारी को अपने परिवार और समुदाय तक पहुंचाकर व्यापक स्तर पर जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक बनाना और लोकतंत्र में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यशाला में ईआरओ सह धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी राहुल आनंद, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, डीसीएलआर धालभूम सच्चिदानंद महतो सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

















