Jamshedpur : टुईलाडुंगरी सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी के भव्य पूजा पंडाल का उद्घाटन गुरुवार को घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन और बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। वर्ष 1934 से लगातार आयोजित हो रही इस दुर्गापूजा की ऐतिहासिक परंपरा के बीच इस बार पंडाल की अनूठी सजावट और मां राजराजेश्वरी की 20 फीट ऊंची प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।
पश्चिम बंगाल के कारीगरों ने प्लास्टिक की बोतल, प्लेट, कटोरी, चम्मच और ग्लास जैसी उपयोगी वस्तुओं का रचनात्मक इस्तेमाल कर पंडाल तैयार किया है। इस अनूठी सजावट के माध्यम से कलात्मकता के साथ वस्तुओं के पुनः उपयोग का संदेश भी दिया गया है। वहीं, ओडिशा के कारीगरों द्वारा निर्मित मां दुर्गा की राजराजेश्वरी स्वरूप की भव्य प्रतिमा और चांदीपुर की आकर्षक विद्युत सजावट पूजा की रौनक बढ़ा रही है। पूजा परिसर में लगे मेले को लेकर बच्चों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सोमेश सोरेन ने कहा कि दुर्गापूजा आस्था, संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। इस तरह के आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
विधायक समीर मोहंती ने कहा कि वर्ष 1934 से चली आ रही दुर्गापूजा की परंपरा क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कमिटी के प्रयासों की सराहना करते हुए शहरवासियों से सपरिवार पंडाल पहुंचकर मां दुर्गा का आशीर्वाद लेने की अपील की।
कमिटी के मुख्य संरक्षक राजू गिरी ने आयोजन की निरंतरता बनाए रखने में स्थानीय नागरिकों और सदस्यों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। वहीं, महासचिव दिनेश कुमार ने कहा कि कमिटी पूर्व में गोवा के शांता दुर्गा मंदिर और देवघर के नौलखा मंदिर सहित विभिन्न विषयों पर आधारित पंडाल तैयार कर चुकी है। इस वर्ष प्लास्टिक की उपयोगी वस्तुओं से पंडाल तैयार करना एक विशेष पहल है।
समारोह के दौरान वर्षों से पूजा-अर्चना और धार्मिक सेवा में योगदान देने वाले पंडित प्रदीप्त कुमार दास, पंडित निरंजन रथ और कृष्णा साहू को शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कमिटी अध्यक्ष मिथिलेश सिंह यादव ने की। मंच संचालन महासचिव दिनेश कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन लाइसेंसी किशोर कुमार राजा ने दिया।
इस अवसर पर मोहन कर्मकार, महावीर मुर्मू, अभिषेक सिंह, सतबीर सिंह, सोनू सिंह, डॉ. संजय गिरी और डिबर पूर्ति सहित कोषाध्यक्ष श्रीनू राव, उपाध्यक्ष प्रशांत गिरी, रंजीत गुप्ता, अजय कुमार, सतीश कुमार, राज कुमार सिंह, अमोद सिंह, सुनील कुमार चौधरी, बलकार सिंह, जितेंद्र साहू तथा कमिटी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
















