बिजली-पानी संकट पर भाजपा का हल्लाबोल, डीसी ऑफिस घेराव में रघुवर दास होंगे शामिल

SHARE:

Jamshedpur  : भीषण गर्मी के बीच जमशेदपुर समेत पूर्वी सिंहभूम जिले में चरमराई बिजली व्यवस्था और गहराते पेयजल संकट को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा जमशेदपुर महानगर के बैनर तले गुरुवार (7 मई) को जिला उपायुक्त (डीसी) कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास मुख्य रूप से शामिल होंगे।

भाजपा ने आरोप लगाया है कि झामुमो-कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं पूरी तरह बदहाल हो चुकी हैं। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लोग अनियमित बिजली आपूर्ति, घंटों की अघोषित कटौती और ठप जलापूर्ति से जूझ रहे हैं। कई क्षेत्रों में चापाकल महीनों से खराब पड़े हैं, जलमीनारों से नियमित आपूर्ति नहीं हो रही और जलस्रोत सूखने की कगार पर हैं।

भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि राज्य सरकार जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने केंद्र सरकार की ‘हर घर नल’ योजना का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि झारखंड में यह योजना भ्रष्टाचार और सरकारी उदासीनता की भेंट चढ़ गई है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में बिजली-पानी का संकट आम लोगों का जीवन दूभर कर रहा है।

प्रदर्शन को लेकर पार्टी ने व्यापक तैयारियां की हैं। जमशेदपुर महानगर के चारों विधानसभा क्षेत्रों के 28 मंडलों से हजारों कार्यकर्ता और आमजन सुबह 10:30 बजे साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में एकत्रित होंगे। इसके बाद सभी कार्यकर्ता झंडा, बैनर और तख्तियां लेकर पैदल मार्च करते हुए डीसी कार्यालय पहुंचेंगे, जहां राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा।

इस प्रदर्शन में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। भाजपा का कहना है कि यह आंदोलन जनता की पीड़ा और आक्रोश की आवाज है, जो राज्य सरकार की विफलताओं के खिलाफ एक बड़ा संदेश देगा।

भाजपा नेताओं का दावा है कि 7 मई का यह प्रदर्शन झारखंड की मौजूदा सरकार के प्रति जनता के बढ़ते असंतोष को उजागर करेगा और आने वाले समय में इसे व्यापक जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें