अपहरण की घटनाओं से दहशत में जमशेदपुर, भाजपा का SSP कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:शहर में लगातार बिगड़ती विधि-व्यवस्था और अपहरण जैसी गंभीर घटनाओं ने जमशेदपुर के शांतिप्रिय नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। आम लोगों में भय और असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है। इसी जनाक्रोश को आवाज़ देने के लिए शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में वरीय आरक्षी अधीक्षक (SSP) कार्यालय के समक्ष जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया गया।
भाजपा जिला कार्यालय से जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता जुलूस के रूप में SSP कार्यालय पहुँचे। हाथों में तख्तियाँ और नारों के साथ कार्यकर्ताओं ने शहर की बदहाल कानून-व्यवस्था पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन से अपराध पर कठोर नियंत्रण, अपहरण में संलिप्त अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की माँग की गई।
इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि अपहरण जैसी घटनाओं से पूरा शहर दहशत में है। लोग अपने घरों से निकलने में डर महसूस कर रहे हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तो जनाक्रोश और तेज होगा। काले ने प्रशासन से अपील की कि दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए ताकि जनता का भरोसा बहाल हो सके।
उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता की सुरक्षा को सर्वोपरि मानती है। जमशेदपुर को अपराध-मुक्त, भय-मुक्त और शांत शहर बनाना पार्टी की प्रतिबद्धता है। काले ने विश्वास जताया कि पुलिस जल्द ही अपहरण के मामलों का खुलासा करेगी, अपराधी सलाखों के पीछे होंगे और पीड़ित कैरव सकुशल अपने परिवार के बीच लौटेगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.