जमशेदपुर में एम्स-जैसे संस्थान की स्थापना की मांग, मारवाड़ी सम्मेलन ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को भेजा पत्र

SHARE:

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन ने झारखंड में प्रस्तावित छह नए मेडिकल कॉलेजों में से एक एम्स-जैसे सुपर स्पेशलिटी संस्थान की स्थापना जमशेदपुर में किए जाने की मांग उठाई है। इस बाबत संगठन के महासचिव प्रदीप कुमार मिश्रा ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे. पी. नड्डा को पत्र भेजकर निवेदन किया है।

प्रदीप कुमार मिश्रा ने अपने पत्र में स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलावों और केंद्र सरकार की नीतियों के लिए आभार जताते हुए उल्लेख किया है कि हाल ही में झारखंड में छह नए मेडिकल कॉलेजों और अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की संभावित स्थापना की सूचना ने राज्यवासियों में नई उम्मीद जगाई है।

महासचिव ने लिखा कि जमशेदपुर झारखंड का सबसे अधिक जनसंख्या वाला और एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र है, जहां देशभर से लोग रोजगार के लिए आते हैं। लेकिन यहां की स्वास्थ्य सेवाएं आज भी सीमित संसाधनों पर आधारित हैं। वर्तमान में टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) और कुछ चुनिंदा निजी अस्पताल ही इलाज का प्रमुख आधार हैं। अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीकों और विशेषज्ञ चिकित्सकों के अभाव में कई गंभीर बीमारियों का उचित इलाज संभव नहीं हो पाता।

प्रदीप कुमार मिश्रा ने अपने पत्र में यह भी इंगित किया कि बिहार के पटना और झारखंड के देवघर में एम्स की स्थापना हो चुकी है, जिनसे उत्तर झारखंड और उत्तर बिहार को चिकित्सा सुविधा मिल रही है। मगर मध्य एवं दक्षिण झारखंड और उत्तर ओडिशा के गरीब व जरूरतमंद अब भी उच्च स्तरीय चिकित्सा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में जमशेदपुर का भौगोलिक, सामाजिक और औद्योगिक महत्व इसे एम्स स्तर के संस्थान के लिए पूरी तरह उपयुक्त बनाता है।

महासचिव ने जानकारी दी कि सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा भी इस मांग को झारखंड सरकार के समक्ष रखा गया है। मारवाड़ी सम्मेलन ने पुनः आग्रह किया है कि प्रस्तावित छह मेडिकल संस्थानों में से एक एम्स-जैसे संस्थान की स्थापना जमशेदपुर में की जाए। यह निर्णय न केवल जमशेदपुर बल्कि सम्पूर्ण कोल्हान क्षेत्र, उत्तर ओडिशा और सीमावर्ती इलाकों के लाखों लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सुविधाएं सुलभ कराएगा और स्वास्थ्य असमानता दूर करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित होगा।

प्रदीप कुमार मिश्रा ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री पर भरोसा जताते हुए आशा व्यक्त की है कि वे इस जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषय पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक कदम उठाएंगे।

Leave a Comment

और पढ़ें