Jamshedpur : नशामुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को नशे की बुराई से दूर रखने के उद्देश्य से ‘10 करोड़ नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत जमशेदपुर में विशेष जागरूकता एवं संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर नशामुक्त भारत के संकल्प को मजबूत किया।
कार्यक्रम में पूर्वी सिंहभूम की विधायक पूर्णिमा साहू ने लोगों से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ, सकारात्मक और संस्कारयुक्त जीवन अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
गुंजन यादव एवं आशीष किशोर, जनरल सेक्रेटरी ने भारत सरकार के नशामुक्ति प्रयासों तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे नशामुक्त भारत अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा चलाया जा रहा जनजागरूकता अभियान समाज के विभिन्न वर्गों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

कार्यक्रम में नारायण रेकी सत्संग परिवार (NRSP) की जमशेदपुर हेड प्रीति सुल्तानिया, ऑल इंडिया फाउंडर राजेश्वरी मोदी, किरण अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों की सहभागिता रही। सभी ने नशामुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को ‘10 करोड़ नशा मुक्त भारत अभियान’ की प्रतिज्ञा दिलाई गई। कोमल बहन ने नशामुक्ति की शपथ दिलाई, जबकि सुधा बहन ने उपस्थित लोगों को रक्षा सूत्र बांधकर स्वयं और समाज को नशे से बचाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान अभियान के तहत माउंट आबू से प्राप्त प्रमाण-पत्र भी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों को प्रदान किए गए। प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाले लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए लगातार जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
आयोजकों ने कहा कि नशामुक्त भारत केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ परिवार, सुरक्षित युवा और सशक्त समाज की दिशा में सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी से ही नशे के खिलाफ इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
















