Chaibasa:प्रखंड क्षेत्र स्थित पीएश्री कस्तूरबा गाँधी आवासीय बालिका विद्यालय, जगन्नाथपुर में गुरुवार को शैक्षणिक सत्र 2025-26 का वार्षिक परीक्षाफल वितरण सह अभिभावक गोष्ठी का आयोजन गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक सोनाराम सिंकु मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सोनाराम सिंकु, वार्डन लक्ष्मी पाड़ेया, वरिष्ठ शिक्षिका कामिनी दुबे तथा प्रबंधन समिति की अध्यक्ष पूनम देवी ने माँ सरस्वती की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं को शैक्षणिक एवं खेलकूद के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की खास आकर्षण एक होनहार छात्रा रही, जिसने कुल 5 मेडल जीतकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। छात्रा ने राष्ट्रीय स्तर पर योगा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, वहीं राज्य स्तर पर फुटबॉल में तीन बार सफलता हासिल की है और कबड्डी में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उसकी इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल है।
मुख्य अतिथि सोनाराम सिंकु ने अपने संबोधन में अभिभावकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए परिवार और विद्यालय दोनों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कस्तूरबा विद्यालय योजना को गरीब परिवारों की बच्चियों के लिए वरदान बताया। साथ ही शिक्षिकाओं की सराहना करते हुए उनसे इसी समर्पण के साथ कार्य जारी रखने की अपेक्षा जताई।
उन्होंने अभिभावकों को बच्चों को अनुशासन में रखने तथा नाबालिग विवाह से बचने की सलाह दी। वहीं छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक और माता-पिता का सम्मान करना जीवन की सबसे बड़ी सीख है। इस दौरान उन्होंने विद्यालय को दो नगाड़ा एवं दो मांडल देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समां बांध दिया। नृत्य, गीत-संगीत एवं शारीरिक प्रदर्शन ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिसे खूब सराहा गया।
यह आयोजन न केवल छात्राओं के उत्साहवर्धन का मंच बना, बल्कि अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी सफल साबित हुआ।
जगन्नाथपुर के कस्तूरबा विद्यालय में वार्षिक परीक्षाफल वितरण, छात्रा ने 5 मेडल जीतकर बढ़ाया मान
The News Blast
FOLLOW US:
Share करें
✓ Link copy हो गया!
The specified slider id does not exist.








और पढ़ें







