Jamshedpur : इनर व्हील क्लब ऑफ जमशेदपुर ईस्ट का 16वां इंस्टॉलेशन समारोह रविवार को गोलमुरी क्लब में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में श्रीमती संचिता डे ने वर्ष 2026-27 के लिए क्लब की नई अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात समाजसेवी एवं रोटेरियन श्रीमती मैत्रेयी चक्रवर्ती उपस्थित रहीं। इसके अलावा इनर व्हील डिस्ट्रिक्ट के पदाधिकारी तथा जमशेदपुर के विभिन्न इनर व्हील क्लबों के अध्यक्ष एवं सचिवों ने भी समारोह में भाग लिया।
समारोह के दौरान पूर्व सचिव अंजू बाला ने वर्ष 2025-26 में क्लब द्वारा संचालित सामाजिक एवं सेवा कार्यों की विस्तृत वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। वहीं, पूर्व अध्यक्ष डॉ. मीना मुखर्जी ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए सभी सदस्यों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और औपचारिक रूप से नई अध्यक्ष संचिता डे को पदभार सौंपा।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. नीलम सिन्हा ने किया। इस अवसर पर वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। नई टीम में डॉ. मीना मुखर्जी (पूर्व अध्यक्षा), अंजू बाला (उपाध्यक्ष), मधुमिता रॉय (सचिव), संपा उपाध्याय (कोषाध्यक्ष), विनीता (आईएसओ) एवं रश्मि नारायण (संपादक) ने अपने-अपने पदों का कार्यभार ग्रहण किया।
समारोह के अंत में नई अध्यक्ष संचिता डे ने क्लब के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई टीम समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक कल्याण के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी। कार्यक्रम में क्लब के सभी सदस्य उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।








