टीवीएस 11 ने जीता प्रथम स्व. रीता सिन्हा स्मृति फ्लड लाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa : शहर के टाउन क्लब मैदान में आयोजित प्रथम स्वर्गीय रीता सिन्हा स्मृति फ्लड लाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का रविवार देर रात रोमांचक मुकाबलों के साथ सफलतापूर्वक समापन हो गया। प्रतियोगिता में जिले और आसपास के क्षेत्रों की कुल 30 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में टीवीएस 11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्लू थंडर को हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 61 हजार रुपये, जबकि उपविजेता टीम को ट्रॉफी एवं 41 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में टीवीएस 11 ने तुंगरी टाइगर्स को नौ विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए तुंगरी टाइगर्स निर्धारित छह ओवर में केवल 27 रन ही बना सकी। जवाब में टीवीएस 11 ने लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया।

दूसरे सेमीफाइनल में ब्लू थंडर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 91 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टाइफून की टीम ब्लू थंडर की सधी हुई गेंदबाजी के सामने संघर्ष करती नजर आई और 60 रन से मुकाबला गंवा बैठी। इस जीत के साथ ब्लू थंडर ने फाइनल में जगह बनाई।

फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर ब्लू थंडर ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, लेकिन टीवीएस 11 के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के सामने पूरी टीम 65 रन पर सिमट गई। ब्लू थंडर की ओर से कैलाश ने सर्वाधिक रन बनाए, जबकि राकेश ने भी उपयोगी योगदान दिया।

66 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीवीएस 11 की शुरुआत दमदार रही। अंजन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए कई आकर्षक छक्के जड़े और टीम की जीत की मजबूत नींव रखी। तिवारी ने भी उनका अच्छा साथ दिया। ब्लू थंडर के विशाल ने कुछ महत्वपूर्ण विकेट लेकर मुकाबले में रोमांच बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन अंततः टीवीएस 11 ने लक्ष्य हासिल कर टूर्नामेंट का पहला खिताब अपने नाम कर लिया।

टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। लल्ला को मैन ऑफ द मैच, अभिषेक को मैन ऑफ द सीरीज, अमरेन्द्र सामंता को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, विशाल को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज तथा मोनू को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक का पुरस्कार मिला।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) बहामन टूटी, नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, उपाध्यक्ष विकास शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार राजू नयनम, राजीव कुमार विश्वकर्मा तथा गोपालन ने विजेता, उपविजेता और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें