यूट्यूबर विनोद सिंह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी, होटल ग्रैंड की ओनर ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : साकची स्थित होटल ग्रैंड की ओनर शबनम सिंह ने यूट्यूबर विनोद सिंह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की घोषणा की है। शुक्रवार को होटल ग्रैंड में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने यूट्यूब पर लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार, झूठा और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताया। इस दौरान उनके पति संजय सिंह भी मौजूद रहे।

शबनम सिंह ने कहा कि यूट्यूबर विनोद सिंह द्वारा उनके खिलाफ प्रकाशित और प्रसारित की गई सामग्री से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गंभीर क्षति पहुंची है। उन्होंने आरोप लगाया कि विनोद सिंह ने तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया और बिना किसी प्रमाण के गंभीर आरोप लगाए।

प्रेस वार्ता में शबनम सिंह ने साकची के काशीडीह स्थित मोहन कॉम्प्लेक्स से जुड़े आरोपों पर भी अपनी सफाई दी। उन्होंने दावा किया कि संबंधित अपार्टमेंट उन्होंने वर्ष 2003 और 2005 में सौरेंद्र मोहन बनर्जी तथा ज्योतिका बनर्जी से विधिवत खरीदकर रजिस्ट्री कराई थी। इसके सभी दस्तावेज और सेल डीड उनके पास उपलब्ध हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि 4 अप्रैल 2022 को विनोद सिंह अपने कुछ सहयोगियों के साथ होटल ग्रैंड पहुंचे थे और स्वयं को एक मीडिया संस्थान का पत्रकार बताया था। शबनम सिंह का दावा है कि होटल संचालन जारी रखने के नाम पर उनसे 12 लाख रुपये की मांग की गई थी। मांग पूरी नहीं होने पर होटल को बदनाम करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया और यूट्यूब प्लेटफॉर्म पर भ्रामक वीडियो प्रसारित किए गए।

शबनम सिंह ने बताया कि इस मामले को लेकर उन्होंने 12 मई 2023 को विनोद सिंह के खिलाफ कानूनी मामला दर्ज कराया था, जिसकी सुनवाई अभी चल रही है। उनके अनुसार विनोद सिंह के खिलाफ पहले से दो मानहानि से जुड़े मामले न्यायालय में लंबित हैं और जल्द ही एक और मामला दायर किया जाएगा।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विनोद सिंह अलग-अलग समय पर विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़ा होने का दावा करते हैं। शबनम सिंह ने कहा कि उनके होटल के संबंध में लगाए गए वेश्यावृत्ति जैसे आरोप पूरी तरह असत्य हैं। यदि ऐसी कोई गतिविधि होती तो पुलिस और प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जाती, जबकि अब तक ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शबनम सिंह ने एक अन्य विवाद का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि होटल परिसर के दो कमरों पर कुछ लोगों द्वारा जबरन कब्जा किया गया है। उनके अनुसार संबंधित कमरे पूर्व में खाली किए जा चुके थे और होटल प्रबंधन ने वहां ताला लगा दिया था। बाद में ताला तोड़कर कब्जा करने का प्रयास किया गया। इस संबंध में उन्होंने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायत देकर जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल मामला कानूनी प्रक्रिया में है और विभिन्न आरोप-प्रत्यारोपों के बीच संबंधित पक्षों की ओर से अपने-अपने दावे पेश किए जा रहे हैं। मामले की वास्तविक स्थिति का निर्धारण जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.