Home Guard Recruitment Seraikela गृह रक्षक बहाली में कुकड़ू प्रखंड के अभ्यर्थियों ने लिया भाग, उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण

Share करें

✓ Link copy हो गया!


सरायकेला: सरायकेला–खरसावां जिले में गृह रक्षक नव नामांकन के लिए आयोजित शारीरिक दक्षता सह लिखित परीक्षा कार्यक्रम के तहत बुधवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में कुकड़ू प्रखंड के अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
इस दौरान उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने संयुक्त रूप से परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने शारीरिक परीक्षा के विभिन्न स्थलों का जायजा लेने के साथ-साथ लिखित परीक्षा केंद्र का भी अवलोकन किया और वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अभ्यर्थियों के साथ सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही परीक्षा से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को समयबद्ध, सुव्यवस्थित और पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने का निर्देश दिया गया, ताकि चयन प्रक्रिया निष्पक्ष और त्रुटिरहित तरीके से पूरी हो सके।
उपायुक्त ने अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत बनाए रखने की बात कही। वहीं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए तैनात पुलिस बल को सतर्क एवं सक्रिय रहने का निर्देश दिया।
परीक्षा स्थल पर अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, शौचालय, पंडाल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा पूरी परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी के लिए पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध किए गए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर सवैया, पुलिस उपाधीक्षक (प्रशिक्षु) पूजा कुमारी, कार्यपालक दंडाधिकारी सत्येंद्र कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सह प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा अविनाश कुमार, कमांडेंट एवं निरीक्षक गृह रक्षा वाहिनी सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी और पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.