Guwa : गुवा के विवेक नगर में बुधवार देर शाम बंगाली समुदाय द्वारा श्रद्धा, आस्था और भक्ति के साथ बाबा लोकनाथ की पूजा-अर्चना संपन्न की गई। एसराय चौधरी परिवार के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा लोकनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूजा कार्यक्रम पूरे विधि-विधान एवं पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने बाबा लोकनाथ से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए विशेष पूजा-अर्चना की। पूजा स्थल भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा और श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए।
पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इसके बाद सामूहिक महाभोग का आयोजन हुआ, जिसमें खिचड़ी, दाल, सब्जी, खीर एवं पुरी का प्रसाद श्रद्धालुओं को बैठाकर प्रेमपूर्वक परोसा गया। महाभोग में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर गुवा सेल के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार एवं महिला समिति की अध्यक्ष शालू कुमार ने भी पूजा स्थल पहुंचकर बाबा लोकनाथ के समक्ष मत्था टेका और महाप्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एसराय चौधरी, दीपा राय चौधरी, गोपा राय चौधरी, वूलन राय चौधरी, अमीषा राय चौधरी, सुचित्रा सरकार, बापी सरकार, भंडारी घोष सहित बंगाली समुदाय के अनेक श्रद्धालुओं की सक्रिय भूमिका रही।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का सुंदर संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने इसे क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया।









