Guwa : गुवा क्षेत्र में शिक्षा के साथ खेल को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय स्टेयरिंग सह मॉनिटरिंग कमिटी की बैठक में “परखः तैयारी नई उड़ान” कार्यक्रम के तहत निर्णय लिया गया कि जिले के सभी विद्यालयों में प्रत्येक माह की 5 तारीख को “खेल दिवस/खेल महोत्सव” आयोजित किया जाएगा।

इसके साथ ही 12 मई 2026 को विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत करने का भी निर्णय लिया गया है। खेल महोत्सव के दौरान समसामयिक विषयों पर चर्चा-परिचर्चा भी आयोजित की जाएगी, जिससे छात्रों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
इसी क्रम में नुईया गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में खेल महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की एकाग्रता और ज्ञानवर्धन के लिए चलचित्र के माध्यम से प्रेरणादायक फिल्म भी दिखाई गई।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। गोटी-चम्मच दौड़ में पदमा होनहागा प्रथम, इंदु बोयपोय द्वितीय और सुजाता मुंडू तृतीय स्थान पर रहीं। बैलून रेस में अविनाश कुंडल ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि राजा चाम्पिया दूसरे और नर्सिंग चाम्पिया तीसरे स्थान पर रहे। वहीं लूडो प्रतियोगिता में अनीश एंड ग्रुप प्रथम, हल्याणी एंड ग्रुप द्वितीय और पदमा एंड ग्रुप तृतीय स्थान पर रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य राजेश कुमार दास, गीता महतो, एस्पायर संस्था से पूनम देवी, अनिता चाम्पिया, साक्षी सिंह सहित शिक्षकगण और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने छात्रों में खेल भावना के साथ-साथ आत्मविश्वास और टीम वर्क की भावना को भी प्रोत्साहित किया।











