गम्हरिया : मोहनपुर में युवक का शव पेड़ से लटकता मिला, गांव में सनसनी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Gamharia:गम्हरिया थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ग्रामीणों ने एक युवक का शव केंदू के पेड़ से लटका देखा। मृतक की पहचान 35 वर्षीय दुर्योधन मंडल के रूप में हुई है, जो दो बच्चों का पिता था।

बुधवार देर शाम किसी घरेलू विवाद के बाद दुर्योधन घर से गुस्से में निकला था और रातभर वापस नहीं लौटा। परिजन व ग्रामीण पूरी रात उसकी खोज करते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। सुबह प्रदीप मंडल की जमीन पर स्थित पेड़ से उसका शव लटका देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर दी है।

शुरुआती अनुमान घरेलू विवाद की ओर इशारा कर रहा है, लेकिन पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना या किसी आपराधिक षड्यंत्र—सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।

घटना से पूरे गांव में दहशत व तरह-तरह की चर्चाएं फैल गई हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाह न फैलाने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें