गुवा में फ्रेंडली वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन, खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार खेल कौशल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Gua : गुवा के कल्याण नगर मैदान में रविवार को गुवा, मेघाहातुबुरु और चिड़िया की टीमों के बीच रोमांचक फ्रेंडली वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। गुवा वॉलीबॉल कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों के बीच आपसी भाईचारा, खेल भावना को बढ़ावा देना तथा स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना था।

प्रतियोगिता में तीनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन सर्विस, दमदार स्मैश और शानदार रक्षात्मक खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मैदान में मौजूद खेल प्रेमियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, जिससे पूरे आयोजन का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।

गुवा वॉलीबॉल कमेटी के सदस्यों ने बताया कि इससे पूर्व भी क्षेत्र में इस प्रकार के कई फ्रेंडली मैचों का सफल आयोजन किया जा चुका है। उनका कहना था कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ियों के बीच समन्वय, सौहार्द और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।

आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी मेघाहातुबुरु, चिड़िया तथा आसपास के अन्य क्षेत्रों की टीमों को आमंत्रित कर नियमित रूप से वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिले और युवा वर्ग खेलों के प्रति अधिक प्रेरित हो।

इस अवसर पर गुवा वॉलीबॉल कमेटी ने सेल (SAIL) गुवा प्रबंधन से खेल गतिविधियों के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की मांग की। आयोजकों का कहना था कि प्रबंधन के सहयोग से इस तरह की प्रतियोगिताओं का दायरा और व्यापक होगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिलेगा तथा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें