Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिला जिमनास्टिक संघ की वार्षिक आमसभा का आयोजन रविवार को बिष्टुपुर स्थित रामदास भट्टा सेंटर में संपन्न हुआ। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष बी. मरांडी ने की। इस दौरान संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया तथा जिले में जिमनास्टिक खेल के विकास को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत उपस्थित सदस्यों के स्वागत के साथ हुई। अपने संबोधन में अध्यक्ष बी. मरांडी ने कहा कि जिमनास्टिक केवल एक खेल नहीं, बल्कि शारीरिक और मानसिक विकास का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह खेल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है और जिले में भी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए संगठित प्रयास किए जाएंगे।
आमसभा में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसके तहत बी. मरांडी को अध्यक्ष, रंजन कुमार झा को कार्यकारी अध्यक्ष, अरशद अली को महासचिव, फिरोज खान को कोषाध्यक्ष, विजय कुमार एवं शाकिर अहमद को सहायक सचिव तथा ओमप्रकाश एवं रुचिता जायसवाल को उपाध्यक्ष चुना गया।
इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता मुन्ना सिंह, विनु राव, संगीता हेरिटेज, कुंदन कुमार एवं कृष्णा पांडे को कार्यकारिणी सदस्य (एक्जीक्यूटिव मेंबर) बनाया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आने वाले समय में जिले में जिमनास्टिक खेल को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय कॉरपोरेट कंपनियों तथा झारखंड सरकार के खेल विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और प्रतिभा संवर्धन की दिशा में भी ठोस पहल की जाएगी।








